गढ़वा में दो दिन से गायब युवक का शव बरामद किया गया है। मामला भवनाथपुर थाना क्षेत्र के कर्पूरी चौक का है। इलाके से होकर प्रवाहित होने वाली राजदहवा नदी में मंगलवार की सुबह लाश देखी गई। मरने वाले की पहचान चपरी टीकर निवासी सह सेवानिवृत सेलकर्मी भोला साह के 35 वर्षीय पुत्र जितेश्वर साह के रूप में की गई। वह रविवार से ही अपने घर से गायब था। ग्रामीणों के अनुसार युवक जितेश्वर साह शराब का आदि था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह नदी किनारे पहुंच गया। पैर फिसलने के कारण वह नदी में डूब गया। इस दौरान उसकी मौत हो गई। नदी में शव होने की जानकारी मिलते के बाद मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
ग्रामीणों की ओर से इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक चंदन सिंह, एसआई सहदेव साह, माणिक कुमार राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि जितेश्वर साह बीते रविवार के दोपहर में अपने दोस्तों के साथ रेलवे लाईन के पास गया। इसके बाद वह देर शाम तक घर नही पहुंचा। परिजनों ने उसकी लगातार तलाश की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। सुबह ग्रामीणों द्वारा राजदहवा नदी में शव होने की सूचना दी गई। इस संबंध में थाना प्रभारी सतीश कुमार महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब के नशे में नदी में डूबने से ही युवक की मौत का मामला लग रहा है। विस्तृत जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार किया जा रहा है।

