पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आयी है। महिला की शिकायत पर छह अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म किए जाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच करायी। इस घटना से लोग हतप्रभ हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह घर पर थी। छह लोग घर में घुस गए। सभी ने उसे घर में बंद कर दिया। बारी-बारी से छह लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसकी मोबाइल भी छीनकर ले गए। घटना 11 अगस्त की है। ग्रामीणों को महिला ने जानकारी दी। इसके बाद मामला एमजीएम थाना तक पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस की छापामारी जारी है। महिला की मोबाइल के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंचने को प्रयासरत है। महिला से वरीय अधिकारियों ने पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली। महिला के घर के आसपास रहने वाले लोगों से भी पुलिस ने मामले की जानकारी ली। महिला शादीशुदा है। गौरतलब है कि 29 जुलाई को परसुडीह में एक युवती से छह लोगोंं ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पुलिस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है जबकि चार आरोपित अब तक फरार है।

