चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा मुख्यालय में स्थित 200 वर्ष पुराने मां काली के मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मंगलवार की देर रात मंदिर के छोटे गेट का ताला तोड़कर अपराधी भवन में प्रवेश कर गए। दान पेटी में लगे दो ताले तोड़ दिए। पेटी में पड़े सारे रुपये निकाल लिए। सिक्के वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मंदिर के पुजारी अनूप मलिक ने बताया कि बुधवार की सुबह हीरालाल राय ने मुख्य गेट खोल कर मंदिर में प्रवेश किया तो पाया कि छोटे गेट की ग्रिल का निचला हिस्सा टूटा हुआ है। मंदिर की दान पेटी के ताले टूटे हुए हैं। पुजारी ने कहा काली मंदिर की दान पेटी से लगभग 50 हजार से अधिक रुपये मौजूद रहने का अनुमान है। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है, इसके बावजूद चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी सदर थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस सीसीटीवी खंगालने के बाद ही मामले की जांच को आगे बढ़ा पाएगी। बताया जाता है कि दो साल पहले भी अज्ञात चोरों ने काली मंदिर में दान पेटी से चोरी की थी। इधर मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं।
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी निरंजन तिवारी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच में इस बात की पुष्टि हुई है वारदात के अंजाम देने वाले व्यक्ति ने सिक्कों को छोड़कर बाकी सारे नोट अपने साथ ले गया है।

