धनबाद के जज उत्तम आनंद की हत्या के मामले की जांच करने के लिए सीबीआइ की तीन सदस्यीय टीम बोकारो थर्मल थाना व नावाडीह प्रखंड के पेक नारायणपुर थाना पहुंची। दोनों थानों में करीब 20 लोगों से पूछताछ की गई। सीबीआइ ने नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट क्षेत्र के 12 लोगों को पेक थाना बुलाकर घंटों पूछताछ की। वहीं बोकारो थर्मल थाना में आठ लोगों से पूछताछ हुई। तेनुघाट न्यायालय में भी जज रहे उत्तम आनंद के कार्यकाल में उनसे जुड़े मामले से संबंधित लोगों से सीबीआइ पूछताछ कर रही है।
28 जुलाई को हुई थी माैत
बताते चलें कि जज उत्तम आनंद तेनुघाट न्यायालय में 2017 से लेकर 2020 तक जिला जज प्रथम के पद पर स्थापित थे। धनबाद में 28 जुलाई को मार्निंग वाक के दौरान एक आटो ने उन्हें पीछे से धक्का मार दिया था। इस मामले की सीबीआइ जांच कर रही है। तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के जिला जज प्रथम उत्तम आनंद ने वर्ष 2020 में हत्या के आरोप में दोषी पाए जाने के बाद जरीडीह थाना अंतर्गत अनंतपुर निवासी जगन्नाथ मांझी एवं सानू मांझी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं डकैती के आरोप में दोषी पाए जाने के बाद विनोद कुमार एवं बलभद्र कर्मकार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

