जमशेदपुर: कदमा थाना अंतर्गत केडी फ्लैट टाटा वर्कर्स यूनियन स्कूल के पास बुधवार की संध्या बाइक सवार तीन आरोपियों ने महिला से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। मगर असफल होने पर आरोपियों ने मां बेटी को धक्का देकर गिरा दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। जबकि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ लग गई। जिसके बाद इसकी सूचना संबंधित थाने को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां बेटी को इलाज के लिए उनके कहने पर स्टील सिटी नर्सिंग होम लेकर गई। जहां दोनों का इलाज हुआ। घटना में कदमा भाटिया पार्क के पास गीतांजलि अपार्टमेंट में रहने वाली इंदु राय के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। जबकि स्कूटी के पीछे बैठी बेटी को भी चोट लगी है।
मामले में घायल इंदु राय ने बताया कि वह बेटी के साथ कदमा बाजार से मार्केटिंग कर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान केडी फ्लैट के पास पीछे से बाइक सवार तीन युवक उनकी स्कूटी के पास आए और चेन छीनने की कोशिश की। मगर कुछ हाथ ना लगने पर महिला को धक्का दे दिया। जिससे दोनों स्कूटी समेत गिरकर घायल हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
