जमशेदपुर के बिष्टुपुर में गंगोत्री अपार्टमेंट के पास एक कार में ट्रैवल एजेंट की जलकर मौत हो गई है। कार के अंदर से शव के साथ शराब की बोतलें और लाइटर बरामद किया गया है। मरने वाले की पहचान एम मुकुंद राव (55) के रूप में की गई है। वह बिष्टुपुर के ओसी रोड स्थित क्वार्टर नंबर एच6-73 में अपने परिवार के साथ रहते थे। लंबे समय से ट्रैवलिंग का बिजनेस करते थे। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
बताया जा रहा है कि जिस कार में ट्रैवल एजेंट का शव मिला है। वह उनके घर से कुछ दूरी पर एक गैरेज में लंबे समय से खड़ी थी। कार चलने की स्थिति में नहीं थी। इस बीच शुक्रवार की रात करीब दो बजे कार में आग लग गई। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग को बुझाया गया। इसके बाद पुलिस ने कार में जांच की। इसमें एक शव मिला। पुलिस की जांच में पता चला कि कार स्क्रैप हो चुकी थी।
इस कारण गैरेज के पास सड़क किनारे खड़ी की गई थी। पुरानी कार में आग लगने और एक व्यक्ति के जलकर मरने की घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रैवल एजेंट कार के भीतर बैठकर नशा कर रहा था। इसी दौरान कार में आग लग गई। इसकी चपेट में आकर एजेंट की मौत हो गई। प्रभारी थानेदार अमित कुमार सिंह ने बताया कि कार से शराब की बोतल और लाइटर मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों के लिखित शिकायत के आधार पर आगे की जांच होगी।पुलिस ने शव को कार से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शराब, बीयर की बोतल और लाइटर जब्त किया गया है। मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटे। उन्हें लगा कि वह भाड़े पर कार लेकर कहीं गए होंगे। देर रात पुलिस ने घटना की सूचना दी।

