जमशेदपुर: झारखंड एकेडमिक काउंसिल की मैट्रिक की परीक्षा में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित श्रीरामकृष्ण मिशन हाईस्कूल के अभिजीत शर्मा को झारखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल हुआ है. अभिजीत शर्मा को 500 में 490 अंक हासिल हुए हैं. गणित और हिंदी में 100 में 100, विज्ञान में 100 में 99 अंक हासिल किया है. अभिजीत शर्मा ने बतया है की वे सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं. आपको बता दें कि इनके पिता अखिलेश शर्मा झोला लेकर घर-घर कुर्सी बनाने का काम करते हैं. अपनी उपलब्धि से अभिजीत ने पिता का नाम रोशन किया है. कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 4 निवासी अभिजीत ने झारखंड टॉपर बनकर शहर का नाम रौशन किया है.
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का है सपना
मैट्रिक टॉपर अभिजीत शर्मा ने कहा कि पहली क्लास से लेकर आज तक कभी भी सेकेंड डिवीजन से पास नहीं हुए. वे भविष्य में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं. इस परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिदिन आठ घंटे तक पढ़ाई करते थे. इसमें छह घंटे नयी चीजें पढ़ते थे. एक घंटे पुरानी चीजों का रिवीजन करते थे, जबकि एक घंटे पढ़ी हुई चीजों को लिखने की प्रैक्टिस करते थे. अभिजीत ने कहा कि कर्ज लेकर पिता अखिलेश शर्मा उन्हें पढ़ा रहे हैं. जमशेदपुर के ही बाल्डविन फॉर्म एरिया स्कूल कदमा में 11वीं में इन्होंने साइंस में एडमिशन करवाया है. उसने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है.

