झारखंड के जामताड़ा में बड़ा हादसा हुआ है। गोविंदपुर साहिबगंज हाईवे पर जामताड़ा मार्ग में अजय नदी के समीप एक बस का टायर फट गया। इससे बस पलट गई। इस दौरान रास्ते से होकर गुजर रही मालवाहक अनियंत्रित हो गई। वह सीधे बस से जाकर टकरा गई। हादसे में 40 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। करीब छह लोगों की स्थिति गंभीर है। इन्हें बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने धनबाद रेफर कर दिया है। दुर्घटनाग्रस्त हुई बस का नाम मोनिका बताया जा रहा है।
घटना के संबंध्र में जानकारी मिली कि अजय नदी के समीप बस का टायर फट गया। जिससे बस पलट गई। इसी दौरान एक मालवाहक वैन ने आकर बस को टक्कर मार दी। इससे ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस तथा स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना इतनी भीषण रही कि मालवाहक का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बस का शीशा टूट गया है। दुर्घटना के बाद पर्याप्त संसाधन नहीं रहने के कारण घायल लोग काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। इसके बाद इसकी सूचना जामताड़ा पुलिस को दी गई। इसके बाद जामताड़ा थाना प्रभारी अब्दुल रहमान दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

