राज्यसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी महुआ माजी ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर झामुमो कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके साथ विधानसभा परिसर पहुंचा। मौके पर जेएमएम के कई विधायक मौजूद रहे। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने विधानसभा पहुंचीं झामुमो की प्रत्याशी महुआ माजी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनको राज्यसभा टिकट देकर महिलाओं का मान बढ़ाया है।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि वे पहले दिन से ही कह रहे थे कि पार्टी राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी देगी। कांग्रेस की नाराजगी पर कहा कि कोई नाराजगी नहीं है। महुआ माजी ने कहा कि झामुमो ने राज्यसभा के लिए महिला को टिकट देकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया। अबतक झारखंड में किसी भी पार्टी ने महिला को राज्यसभा के लिए टिकट देने का काम नहीं किया था। पार्टी ने उन्हें टिकट देने का कभी संकेत नहीं दिया था। अचानक प्रत्याशी घोषित होने पर खुशी एवं आश्चर्य दोनों हुआ।

