झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि यूपी में भाजपा की लुटिया डूबने वाली है। पार्टी का प्रपंच ज्यादा दिन रहने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता को भाजपा से सावधान रहना होगा। रेलवे, हवाई अड्डे बेचे जा रहे हैं। बजट से किसान हित को बाहर कर दिया गया है। केवल अमीरों को लाभ दिया जा रहा है। यह एकतरफा बजट है। राज्य सरकार केंद्र से अपने हक और अधिकार की मांग कर रही है। केंद्र के उपक्रम झारखंड में संचालित हैं। कोयला खनन कर रहे हैं। लिहाजा केंद्र को झारखंड के हितों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के भारी दबाव के कारण केंद्र ने विस्थापितों को केंद्रीय उपक्रमों में एक करोड़ तक का टेंडर देने की मांग मान ली है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा के 43 वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की घोषणा की।
शिबू सोरेन ने लिया कार्यक्रम में हिस्सा
सबसे पहले मुख्यमंत्री ने उपायुक्त आवास के समीप स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद बाबा साहब भीमराव अंबेडकर,स्वामी विवेकानंद, अमर शहीद वीर सिदो कान्हू्,वीर कुंवर सिंह तथा तिलका मांझी की प्रतिमाओं के पास पहुंचकर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने क्रांतिकारियों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री मुख्य समारोह स्थल पर बनाए गए मंच पर पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, विधायक बसंत सोरेन, नलिन सोरेन,सीता सोरेन ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। गरीब, मजदूर, आदिवासी, पिछड़ा, दलित समाज की लड़ाई लड़ने के लिए जिस दल का गठन किया गया था। वह पार्टी आज तेजी से अपने आंदोलन को आगे बढ़ा रही है। समारोह की पुरानी परंपरा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में महामारी का प्रकोप है। इस कारण भव्य समारोह की 40 वर्ष पुरानी परंपरा पर अल्प विराम लगा है। पहले हम देर रात तक स्थापना दिवस मनाते थे। अभी गाइडलाइन के दायरे में मना रहे हैं। महामारी खतरनाक है। इसलिए भीड़ एकत्र नहीं करते हुए सभी जिलों में पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से अलग-अलग स्थापना दिवस समारोह मनाया जा रहा है।
सरकार की योजनाओं का पेश किया ब्यौरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में झामुमो- कांग्रेस-राजद की सरकार आपकी है। 2 साल पूर्व राज्य में चल रही सरकार किसी महामारी से कम नहीं थी। चारों ओर भय का माहौल था। हमारी सरकार बनने के बाद आज हर तरफ अमन और शांति है। हमारी सरकार को कोविड महामारी के संग खाली खजाना मिला। अभी भी पाबंदियां जारी हैं। ऐसे में सामूहिक सहयोग से जीवन और जीविका को धीरे-धीरे पटरी पर लाने की कोशिश हो रही है। बिरसा हरित ग्राम योजना से रोजगार देने की पहल हुई। ग्रीन राशनकार्ड, धोती-साड़ी योजना की शुरुआत हुई। पेट्रोल पर सब्सिडी योजना के जरिए लोगों की मदद की जा रही। 18-20 हजार महिलाओं को फूलो-झानो स्वावलंबन योजना से जोड़ा गया है।

