झारखंड के अलग-अलग जिलों में अफीम की तस्करी करने वाले गिरोह के मास्टर माइंड सूर्यनाथ उर्फ नन्हकू को पलामू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार रात की गई छापेमारी में पुलिस को यह सफलता मिली। पता चला कि पिपराटांड़ थानाक्षेत्र के लोहरसी का रहने वाला सूर्यनाथ साधु का वेश बनाकर पलामू ज़िला मुख्यालय मेदिनीनगर के हाउसिंग कॉलोनी में रह रहा था। अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने दाढ़ी बढा ली थी। माथे पर तिलक लगाता था। मिलने जुलने वाले लोगों से खुद को साधु सन्यासी बताता था। धर्म-आध्यात्म पर चर्चा करता था। पुलिस वर्ष 2017 से इस तस्कर की तलाश में थी। पहचान बदलने के कारण वह अपराधी तक नहीं पहुंच पा रही थी।
गिरफ्तारी के बाद वेशभूषा देखकर पुलिस रह गई हैरान
नशे के माफिया को गिरफ्तार करने वाली पुलिस की टीम छापेमारी के दौरान सूर्यनाथ की वेशभूषा देखकर हैरान रह गई। पूरे राज्य में अफीम तस्करी के मामले में सूर्यनाथ बड़ा नाम है। उसके खिलाफ राज्य के अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। वह पुलिस को चकमा देकर वर्षो से फरार चल रहा था। वर्ष 2017 में चतरा के प्रतापपुर में पुलिस ने 72 किलो अफीम जब्त की थी। इसमें वह नामजद आरोपी है। चतरा पुलिस चार साल से नन्हकू को पकड़ने के लिए प्रयासरत थी। उसके खिलाफ वारंट भी निकला हुआ था। इसके बावजूद वह लगातार बच रहा था। अपराधी के बारे में पुख्ता सूचना मिलने के बाद इसकी गिरफ्तारी के लिए चतरा पुलिस ने पलामू के पिपराटांड़ थाना पुलिस से संपर्क किया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि हाल के दिनों में सूर्यनाथ को इलाके में देखा गया है । यह इसी इलाके से अपना कारोबार चला रहा है। इसी सूचना पर टीओपी तीन प्रभारी अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने देररात छापेमारी की।गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई है।उससे पूछताछ में अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

