गढ़वा: झारखंड में गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के मंगराही गांव में मंगराही स्कूल से बेलवादामर तक पथ सुदृढ़ीकरण सड़क निर्माण कार्य में लगी रोलर मशीन को सोमवार की रात करीब 8 बजे आग के हवाले कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह से उक्त सड़क निर्माण कार्य में लगी रोलर मंगराही गांव के समीप बने बेलवादामर पुल पर खड़ी थी। वहीं सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसी बीच सोमवार की रात मोटरसाइकिल से पहुचे दो अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा रोलर के पास पहुंचकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा देने की बात कही जा रही है।
जलाने के पीछे नक्सलियों या आपराधिक गिरोह का हाथ, आशंका
उल्लेखनीय है झारखंड संपोषित योजना के तहत करीब दो करोड़ की लागत से उक्त सड़क निर्माण का कार्य पिछले दो महीनों से चल रहा है। इसी निर्माण कार्य में बचे हुये कार्यों को पूरा करने के लिये बेलवादामर पुल के किनारे रोलर खड़ी ही थी की सोमवार की रात आग के हवाले कर दिया गया। फिलहाल उक्त सड़क निर्माण में लगी रोलर को जलाने के पीछे नक्सलियों या आपराधिक गिरोह का हाथ है। इसकी पुष्टि नही हो सकी है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल
आशंका जताया जा रहा है कि इसके पीछे कोई नये उग्रवादी संगठन का भी हाथ हो सकता है। घटना के बाद रमकंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने देर रात दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली एव आगे के करवाई में जुट गई है। उक्त घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

