जामताड़ा: झारखंड की जामताड़ा साइबर पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. कोलकाता साइबर क्राइम में लिप्त आनंद रक्षित के घर जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में छापामारी की गयी. इस क्रम में आनंद रक्षित भागने में सफल रहा, लेकिन उसके घर से नकदी व सामान मिलाकर करीब 50 लाख रूपये से भी ज्यादा संपत्ति पुलिस ने जब्त कर ली है. एसपी दीपक कुमार सिन्हा ने गुरूवार को साइबर थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर ये जानकारी दी.
एसपी दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि साइबर अपराधी आनंद रक्षित कोलकाता से जमानत पर घर आया था और फिर साइबर अपराध में लिप्त पाये जाने के आधार पर कुख्यात साइबर अपराधी के घर पर थाना प्रभारी हरेन्द्र राय के नेतृत्व में छापामारी की गयी. इस क्रम में रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए साइबर अपराधी आनंद रक्षित घर से भागने में सफल रहा, लेकिन उनके घर से नकद 21 लाख चार हजार 840 रूपये जब्त किये गये. इसके साथ ही एक कार, एक बाइक, एक स्कूटी, तीन एलईडी टीवी, एक जेनरेटर, आठ मोबाइल, नौ सिम, 12 पासबुक, 6 लाख 84 हजार रूपये का एफडी का पेपर एवं 23 लाख 65 हजार रूपये की जमीन की नकदी खरीदारी का पेपर जब्त किया गया. बताया कि अब तक की जब्त राशि में यह सबसे बड़ी राशि है.
एसपी ने कहा कि जामताड़ा पुलिस कोलकाता पुलिस के संपर्क में है. उसके सारे मोबाइल व अन्य डिटेल्स लिया जाएगा. जिसे अन्य राज्यों के पुलिस को भी दिया जाएगा. जिसमें पता चल सकेगा कि कहां- कहां और कितने रूपये की ठगी आनंद रक्षित ने की है. एसपी ने कहा कि यहां सबसे ज्यादा बीपीएलधारी साइबर अपराधियों ने साइबर अपराध से संपति को अर्जित की है. इन बिंदु पर भी देखा जा रहा है कि इतने रूपये कहां से आये हैं. अपराधी आनंद के पिता को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था, लेकिन इस अपराध में कहीं भी उनकी संलिप्तता नहीं मिली. इस कारण पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.

