आसनी चक्रवाती तूफान का असर बंगाल की खाड़ी में दिखना शुरू हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा, बंगाल और आंध्र प्रदेश में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही 10 मई को 125 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान किया गया है. इस दौरान तेज बारिश की भी संभावना है। तूफान का असर ओडिशा के साथ साथ बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद एवं जामताड़ा जिले के कुछ भागों में कुछ देर में मौसम का मिजाज बदलेगा और बारिश होगी. मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है. इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी. राज्य के दक्षिण, मध्य एवं उत्तर पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है. इसे लेकर मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है और मौसम खराब रहने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है. 16 मई तक राज्य में बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग का येलो अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार 16 मई तक झारखंड के विभिन्न इलाकों में बारिश की संभावना है. राज्य के उत्तर पूर्वी, दक्षिण तथा मध्य भागों में बारिश का पूर्वानुमान किया गया है. इसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. येलो अलर्ट जारी कर मौसम केंद्र ने बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है.

