पलामू: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बनियाडीह बराही से ज्वाइंट एंट्रेंस की परीक्षा देने उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे दो छात्रों की मौत नहाने के दौरान गंगा नदी में डूबने से हो गई. घटना सोमवार की सुबह अस्सी पुलिस चौकी घाट वाराणसी की बतायी जा रही है. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों एवं एनडीआरएफ के सहयोग से दोनों छात्रों का शव बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए. दोनों छात्र अपने-अपने घर की इकलौती संतान थे.
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बनियाडीह बराही से ज्वाइंट एंट्रेंस की परीक्षा देने के लिए दो छात्र उत्तर प्रदेश के वाराणसी गये थे. जानकारी के अनुसार बराही गांव निवासी संजय कुमार सिंह का पुत्र प्रियांशु कुमार सिंह (18 वर्ष) और विपिन कुमार सिंह का पुत्र अमन कुमार सिंह (18 वर्ष) दोनों 10 जून को बराही गांव से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) परीक्षा देने गए थे. नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में डूब गए. बताया जाता है कि प्रियांशु कुमार के पिता संजय कुमार सिंह नोएडा उत्तर प्रदेश में रहते हैं, जबकि अमन के पिता आर्मी में हैं. दोनों अपने-अपने घर की इकलौती संतान थे. घटना की खबर सुनकर दोनों लड़कों के घर में मातम है.

