झारखंड में ठंड में लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है. तेज हवा के कारण शीतलहरी भी तेज हाे गयी है. राज्य के कई जिलों में न्यूनतम पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. कोयलांचल क्षेत्र में भी पिछले दो दिनों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है. राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में 15 फरवरी के बाद से लोगों को ठंड से पूरी तरह से निजात मिलने की संभावना है.
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पूरे झारखंड में शीतलहरी चलने का अनुमान लगाया है. वहीं, उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड में भी पड़ सकता है. एक फरवरी से मौसम में फिर बदलाव की संभावना है. आकाश में बादल छाये रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, राज्य के दक्षिणी हिस्से में अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. वहीं, सुबह में कोहरा व धुंध छाये रहेंगे.

