रांची : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है. मौसम विभाग की मानें, तो कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. राज्य के उत्तरी, मध्य तथा दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में ज्यादा असर पड़ सकता है.
झारखंड में मानसून की स्थिति अब तक बहुत अच्छी रही है. जून और जुलाई यानी दो महीने में राजधानी रांची में 908 मिमी बारिश हो चुकी है. आम तौर पर मानसून में 1100 से 1200 मिमी बारिश होती है. आपको बता दें कि अभी मानसून का दो माह बचा है.
दिल्ली स्थित मौसम केंद्र ने अगले दो महीने का पूर्वानुमान जारी किया है. अगले दो माह में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. सामान्य से 95 से 101 फीसदी तक मानसून की बारिश हो सकती है. रांची के बाद सबसे अधिक बारिश बोकारो जिले में हुई है. वहां करीब 822 मिमी बारिश हुई है. जमशेदपुर में 784 मिमी, डालटनगंज में 670 मिमी व चाईबासा में 412 मिमी बारिश हुई है.

