रांची: अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सीइओ अनुराग बेहार समेत अन्य ने गुरुवार को सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस मौके पर राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निवेश को लेकर सार्थक चर्चा की. बता दें कि नवंबर महीने में विप्रो फाउंडर अजीम प्रेमजी के साथ सीएम हेमंत सोरेन की वीडियो कॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात हुई थी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सीइओ श्री अनुराग बेहार ने मुलाकात कर झारखंड के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया. उन्होंने झारखंड में शिक्षा के विकास, गुणवत्ता युक्त शिक्षा और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने में फाउंडेशन सक्रिय भूमिका निभाएगी. मुख्यमंत्री ने फाउंडेशन को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया.
यूनिवर्सिटी खोलने की है योजना
फाउंडेशन द्वारा झारखंड में एक यूनिवर्सिटी खोलने की मंशा जाहिर की गयी. मुख्यमंत्री को श्री बेहार ने बताया कि इस यूनिवर्सिटी को स्थापित करने पर करीब 1200 से 1400 करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे. यूनिवर्सिटी का कैंपस करीब 150 एकड़ जमीन में फैला होगा. यहां विद्यार्थियों को रोजगारपरक और गुणवत्तायुक्त शिक्षा दिया जायेगा. पिछले दिनों सीएम श्री सोरेन के साथ विप्रो कंपनी के अजीम प्रेमजी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बातचीत के दौरान जिन विषयों पर चर्चा हुई थी, उसी कड़ी में यहां यूनिवर्सिटी खोलने की मंशा फाउंडेशन द्वारा जतायी गयी है.

