रांची: बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेसर का असर रविवार को झारखंड में देखने को मिला। इसके कारण रांची में जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शाम से रात 8.30 बजे तक शहर में 14 मिमी बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिन रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है।
साथ ही थंडरिंग और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।16 सितंबर तक पूरे झारखंड में बारिश की संभावना बनी हुई है। थंडरिंग को लेकर विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात गहरे कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो रहा है। इसके उत्तर पश्चिम के तरफ बढ़ने की संभावना है। अगले 12 घंटों में ये पश्चिम बंगाल और उडीसा के तट पर डीप डिप्रेशन के रूप में टकराएगा। इसके कारण रांची में दिन भर बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश
इसके अलावा राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा के साथ राज्य के पश्चिमी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। राज्य के मौसम में बदलाव 14 सितंबर के बाद से देखने को मिलेगा। इसके बाद बारिश में थोड़ी कमी आ सकती है।
पिछले 24 घंटे में जमशेदपुर में हुई सबसे ज्यादा बारिश
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य रही। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश जमशेदपुर में 38 मिमी रिकार्ड की गयी। जबकि सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान गोड्डा में 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान चाईबासा में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

