रांची: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बगान के टाइल्स कारोबारी से नक्सली संगठन पीएलएफआई की ओर रंगदारी मांगी गयी है और रंगदारी नहीं देने पर परिणाम भुगताने की चेतावनी दी गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक टाइल्स प्रतिष्ठान के संचालक को पीएलएफआई के एरिया कमांडर श्याम टाइगर के नाम से पर्चा भेजकर रंगदारी मांगी गयी है। इसे लेकर संबंधित कारोबारी की ओर से स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
कारोबारी ने नामकुम थाना में दिये आवेदन में कहा कि 5 जून को दुकान बंद थी, इस कारण वे बाहर गये थे, लेकिन जब रात साढ़े आठ बजे घर लौटे, तो उसके स्टॉफ की पत्नी ने एक लिफाफा दिया और बताया कि एक व्यक्ति आया था और यह लिफाफा उन्हें देने के लिए छोड़ गया। जब उन्होंने लिफाफे को खोलकर देखा, तो लाल रंग से लिखा पत्र मिला, उसमें लिखा है कि- मैं रांची का एरिया कमांडर श्याम टाइगर, हमारे संगठन का सहयोग करें, संठन आपके साथ, कुछ राशि का सहयोग किजिये, संगठन में सहयोग नहीं करने पर संगठन अपनी फौजी कार्रवाई करेगा। पत्र में यह भी लिखा है कि प्रशासन को सूचित करने पर कभी कहीं भी किसी भी सदस्य को गोली मार दी जाएगी, इसलिए सोच समझकर निर्णय लिजिएगा, अन्यथा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना।
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। वहीं जब लिफाफा देने वाले टुकटुक वाले से पूछताछ की गयी, उसने पुलिस को यह जानकारी दी उसे किसी युवक ने कहा कि ये लिफाफा टाइल्स मालिक को दे देना और उसके कहने पर वह बाहर खड़ी महिला को वह लिफाफा दे दिया। पुलिस हर बिन्दुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।

