पलामू : जिले के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव के उत्तरवारा टोला के तालाब में शनिवार को करंट से मछली मारना काफी महंगा पड़ा. तालाब में करंट आने से नहा रहे दो मासूम भाइयों की मौत हो गयी. मृतकों में छविनाथ सिंह के पुत्र गुंजन कुमार (5वर्ष) व दीपक कुमार (3वर्ष) शामिल है. शनिवार की अपराहन करीब दो बजे दिन में यह घटना हुई.
ग्रामीणों ने पांकी थाना पुलिस को दोनों मासूमों के तालाब में नहाने के क्रम में बिजली के करंट लगने से मौत होने की सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के बाद मेदिनीनगर के एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बताया जाता है कि गांव के बगल में ढोढानुमा तालाब में उसी गांव के दो लोग बिजली का करंट पानी में लगाकर मछली मार रहे थे. इसी बीच दोनों मासूम बच्चे तालाब के पानी में नहाने के लिए उतरे. जहां पर पहले से लगाए गए बिजली तार के करंट से पानी में उतरते ही तड़पकर-तड़पकर दम तोड़ दिया.
घटना के बाद तालाब में मछली मार रहे दोनों युवक भाग खड़े हुए. ग्रामीणों ने बताया कि मछली मार रहे दोनों युवकों ने तालाब में मासूम की मौत की सूचना किसी को नहीं दी. दोनों युवकों की पहचान कर ली गई है.
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. पंचायत के मुखिया देवसागर राम समेत कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के माता पिता और परिजनों से मुलाकात की.
इधर, पांकी थाना प्रभारी अशोक प्रसाद ने बताया कि मामले में छानबीन तेज की गयी है. करंट लगाने वाले युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.

