रांची: रविवार सुबह एक नाबालिग का अपहरण कर उसका रेप किया गया है। अपराधी कुछ और प्लान करते उससे पहले ही नाबालिग अपराधियों को चकमा देकर उसके चंगुल से फरार हो गई। मामला रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के महुवातोली का है।
गांव की तीन लड़कियां रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी बीच कार में पहुंचे तीन युवकों ने इन्हें दौड़ना शुरू कर दिया। दो लड़कियां भागने में कामयाब रही। जबकि एक लड़की बदमाशों के हाथ लग गई।
बदमाशों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर रांची की तरफ किसी अंजान जगह लेकर गए। यहां बदमाशों ने इसके साथ रेप किया। इसी बीच अपहरणकर्ताओं का ख्याल आया कि उनका मोबाइल कहीं गिर गया है। उन्होंने टेढ़ा पूल के पास गाड़ी रोकी। यहीं मौका पाकर वह उनके चंगुल से फरार हो गई।
घबराई हुई है नाबालिग, कुछ भी बताने से बच रही
पुलिस इस मामले में पिछले 6 घंटे से पीड़िता और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। चान्हो थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे ने बताया, ‘परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मामला नाबालिग का है, इसलिए हर एंगल से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद नाबालिग घबराई हुई है वो कुछ भी बताने से बच रही है।’
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी
रांची के ग्रामीण SP नौषाद आलम ने दैनिक भास्कर को बताया कि नाबालिग के साथ रेप हुआ है। इसमें नाबालिग के पहचान के किसी व्यक्ति के होने की बात सामने आ रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

