देशभर में कोरोना की चौथी लहर आने के प्रबल संकेतों के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बीच दिल्ली से रांची लौटे झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के निदेशक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कोविड जांच के दौरान रिम्स के निदेशक डा कामेश्वर प्रसाद कोरोना पाजिटिव मिले हैं। दिल्ली से रांची आने के बाद उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। इसके बाद उन्होंने सोमवार को अपनी काेविड जांच कराई।
कोरोना संक्रमित रिम्स निदेशक का अब जिनोम सिक्वेंसिंग कराने की तैयारी है। ताकि यह पता चल सके कि वे कोरोना के कौन से वेरिएंट से संक्रमित हुए हैं। मालूम हो कि दिल्ली में लगातार कोरोना वायरस के नए-नए वेरिएंट की पहचान हो रही है। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या भी बेतहाशा बढ़ रही है। इस बीच रिम्स निदेशक अपने परिवार के साथ दिल्ली में थे। अभी वहां उनकी पत्नी हैं। वे बुधवार को ही दिल्ली से रांची लौटे हैं। फिलहाल रिम्स निदेशक ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। हाल के कुछ दिनों में उनके संपर्क में आने वाले लोगों को रिम्स निदेशक ने कोरोना जांच कराने की सलाह दी है।

