झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बरही करियातपुर निवासी दिवंगत रूपेश पांडे की माता उर्मिला पांडे एवं पिता सिकंदर पांडे ने सोमवार को मुलाकात की। मुख्यमंत्री से रूपेश पांडे की मां ने दिवंगत पुत्र के लिए न्याय मांगा। परिजनों ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच CBI से कराने का आग्रह किया। जिससे उनके पुत्र को न्याय मिल सके। मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि परामर्श के बाद सरकार इस पर निर्णय लेगी।
रूपेश मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट की जाएगी। मुख्यमंत्री ने रूपेश की मां के स्थायी जीवन यापन की व्यवस्था हेतु उपायुक्त हजारीबाग को निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन हजारीबाग द्वारा उर्मिला देवी की स्थायी आजीविका हेतु प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मौके पर बरही विधायक उमाशंकर अकेला, गिरिडीह विधायक श्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं अन्य उपस्थित रहे।
प्रतिमा विसर्जन विवाद में हो गई थी मौत
ज्ञात हो कि रूपेश की मौत मां सरस्वती की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच हुए विवाद में हो गई थी। इसके बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ी। बेटे के लिए न्याय की मांग को लेकर मां ने लंबे समय तक आंदोलन किया। सरकार ने परिवार को भरोसा दिया है कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी।

