दुमका: दुमका जिला में एक बार फिर नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई है। जिले में एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी घटना है। इसमें अब तक छह बच्चों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि शनिवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में प्रवाहित होने वाली भुरकुंडा नदी में नहाने गए 2 बच्चे डूब गए। इनकी पहचान अमित पंडित व विशाल पंडित के रूप में की गई है। दोनों बच्चों की उम्र 8 से 10 वर्ष के बीच थी।
मृतक के भाई छोटू पंडित ने बताया कि दोनों नहाने के लिए थे। अमित पंडित पहले नदी में उतरा था। इस दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। छोटा भाई विशाल पंडित बड़े भाई को बचाने के लिए पानी में कूद गया। एक दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों डूब गए। दोनों बच्चों के शवों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है। बच्चों के पिता संजू पंडित पेशे से निजी वाहन चालक हैं। फिलहाल वह शहर से बाहर हैं।
एक हफ्ते के डूबने से छह बच्चों की हुई मौत
जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पिछले एक हफ्ते में 6 बच्चों की मौत नदी और तालाबों में नहाने के दौरान डूबने से हुई है। सबसे पहले आसनसोल गांव में 3 अप्रैल को तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दूसरी घटना गत 7 अप्रैल की है। लखीकुंडी में नहाने गए दो बच्चे पानी में डूब गए। तीसरी घटना 9 अप्रैल भुरकुंडा गांव हुई।

