विमानन सुरक्षा नियामक संस्था ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्यूरिटी (Bureau of Civil Aviation Security- BCAS) दिल्ली की टीम ने देवघर एयरपोर्ट की सुरक्षा मानक की हर स्तर पर जांच की. BCAS की सिक्यूरिटी टेस्ट में देवघर एयरपोर्ट पूरी तरह सफल हुआ. इसके साथ ही अब 15 मार्च तक देवघर एयरपोर्ट को DGCA से लाइसेंस मिलने की संभावना बढ़ गयी है.
4 सदस्यीय टीम ने की जांच
सिक्यूरिटी टेस्ट के लिए दिल्ली से आयी 4 सदस्यीय टीम ने पैसेंजर मूवमेंट सिस्टम, बोर्डिंग समेत पैसेंजर जांच के सभी सिक्यूरिटी प्वाइंट की जांच की. बीसीएएस की टीम देवघर एयरपोर्ट में झारखंड पुलिस की सिक्यूरिटी सिस्टम समेत प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों की संख्या से भी अवगत हुए.
सुरक्षा अधिकारियों ने लिया जायजा
इस दौरान सुरक्षा अधिकारियों ने एयरपोर्ट ऑपरेटर को निर्देश दिया कि स्कैनिंग सिस्टम को रेगुलर अपडेट रखें. इस सिस्टम की एयरलाइन के चेक-इन सिस्टम से जोड़कर हमेशा काम करना है. जिससे सुरक्षा एजेंसियों को रियल टाइम इंफॉर्मेशन मिल सके. सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों ने एटीसी, टर्मिनल बिल्डिंग समेत पार्किंग एरिया का जायजा लिया. इस दौरान सुरक्षा नियंत्रण से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कई बिंदुओं पर एयरपोर्ट और यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे. साथ ही आवश्यक सुझाव भी दिये.

