रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार और एम्स को नोटिस देकर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर देवघर में ओपीडी शुरू करने का आग्रह किया है। सरकार की याचिका पर सुनवाई के दौरान मौखिक टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि उद्घाटन के लिए देवघर एम्स में ओपीडी का नहीं खुलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
राज्य सरकार की याचिका पर सुनवाई करते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने केंद्र रकार और AIIMS को नोटिस जारी किया है। राज्य के महाधिवक्ता राजीव रंजन के मुताबिक, झारखंड सरकार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि AIIMS देवघर में OPD का संचालन जल्द शुरू करने की अनुमति दी जाए और उसे उद्घाटन करने के नाम पर नहीं रोका जाए। इस मामले में अगली सुनवाई 26 अगस्त को निर्धारित की गयी है।
सांसद और सरकार के विवाद के कारण 24 जून को टला था उद्घाटन
इससे पहले 24 जून को होने वाले देवघर एम्स ओपीडी का उदघाटन टल गया था। दरअसल, देवघर जिला प्रशासन ने गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे को कार्यक्रम में सशरीर शामिल होने से रोक दिया था। इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देवघर एम्स ओपीडी का उद्घाटन टाल दिया था।

