मेदिनीनगर: शहर थाना पुलिस ने जून 2019 में हुए विशाल चंद्रवंशी हत्याकांड के मामले में मुख्य आरोपी भट्ठी मुहल्ला के रहने वाले राहुल कुमार चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया है। विशाल की हत्या के बाद से ही पुलिस को राहुल की तलाश थी, लेकिन वह पुलिस की नजर से बचकर रांची में रह रहा था। विशाल मना करने के बाद भी राहुल की प्रेमिका के साथ छेड़छाड़ करता था। वहीं, एक हत्या में विशाल ने राहुल की बाइक का इस्तेमाल किया था। इन दोनों मामले से दुखी राहुल ने विशाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस को रांची से राहुल के घर आने की सूचना मिली। इसके बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा के नेतृत्व में सोमवार की रात छापेमारी कर उसे घर से गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महथा ने बताया कि राहुल और विशाल दोस्त थे। बाद में इनके बीच दो मामलों को लेकर अनबन हुई। गिरफ्तार राहुल जिस लड़की से प्यार करता था, विशाल उसे छेड़ता था। यह राहुल को पसंद नहीं था। कई बार समझाने के बाद भी विशाल अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
इसके अलावे गैंगेस्टर डब्लू सिंह गिरोह के राजन श्रीवास्तव उर्फ मामा को विशाल ने गोली मारी थी। इलाज के दौरान मामा की मौत हो गई थी। इस घटना को अंजाम देने के लिए विशाल ने राहुल की बाइक का इस्तेमाल किया था। इस धोखे का बदला लेने के लिए राहुल ने प्लानिंग की। विशाल जब छत पर सोया हुआ था, इसी दौरान उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और लाश को कोयल नदी में फेंक दिया। इस हत्याकांड के अनुसंधान के क्रम में राहुल का नाम सामने आया था। घटना के बाद से ही वह फरार था।

