धनबाद के गोविंदपुर में जीटी रोड पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गोविंदपुर में भीषण सड़क हादसे में दो महिलाएं, एक बच्चा सहित एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। घटना सुबह सवा छह बजे की है। परिवार रामगढ़ गाटोटाड घाटी से स्विफ्ट डिजायर कार से रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने आसनसोल जा रहा था। बताया जा रहा है कि रफ्तार तेज होने की वजह से कार गोविंदपुर थाना अंतर्गत के GT रोड कालाडीह मोड़ पर बने पुल के डिवाइडर से टकराकर 100 फीट दूर जा गिरी। कार सवार सभी पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा था।
लोगों के मुताबिक, कार की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक थी। कार जैसे ही पुल के पास पहुंची, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार डिवाइडर से टकरा गई। रफ्तार तेज होने के कारण कार नदी के दूसरे किनारे करीब 100 फीट दूर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार और शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएनएमसीएच ( पीएमसीएच) धनबाद भेज दिया।
शादी में शामिल होने जा रहे थे
शकील अहमद के भाई जाहिद अहमद ने बताया, ‘मंगलवार सुबह पापा शकील अहमद, मां रविबुन खातून, भईया वसीम अहमद, भाभी खलिया खातून और वसीम भईया का बेटा आयान पश्चिम बंगाल के आसनसोल जाने के लिए घर से निकले थे। सभी चार रिश्तेदारों की शादियों में शामिल होने के लिए 15 दिनों की छुट्टी पर निकले थे।’
इनकी हुई मौत
- टिस्कोकर्मी वसीम अहमद (28 साल)
- शकील अहमद (60 साल)
- रविबुन खातून (55 साल)
- खलिया खातून (25 साल)
- आयान (03 साल)
सभी बिहार के रहने वाले हैं
सभी बिहार के छपरा बसाही गांव के रहने वाले थे। घटना में मृत परिवार बिहार के छपरा जिले के बसाही गाँव के रहने वाले थे। वसीम अहमद वेस्ट बोकारो डिवीजन में कार्यरत थे।

