धनबाद: शहर के बैंक मोड़ क्षेत्र से लगे मटकुरिया रोड स्थित श्री कृष्णा प्लाजा में मंगलवार सुबह करीब नाै बजे लगी आग पर काबू पा लिया गया है। अग्निशमन विभाग धनबाद के कर्मचारियों और पुलिस ने मिलकर पांच घंटे से ज्यादा समय तक बचाव एवं राहत अभियान चलाया। दोपहर दो बजे के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में 8 दमकल लगे थे। राहत की बात यह रही कि आग से एक भी आदमी की जान नहीं गई। अंदर बीस फ्लैट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चों और महिलाओं को खिड़कियों और बालकानी का शीशा तोड़कर रस्सी और सीढ़ियों के सहारे बाहर निकाला गया।
सुबह नाै बजे मैक्स लाइफ इंश्योरेंस ऑफिस से शुरू हुई आग
श्रीकृष्णा प्लाजा के पहले तल्ले पर मैक्स लाइफ इंश्योरेंस का दफ्तर है। इसी में आग लगी। इसके बाद देखते ही देखते पूरा श्रीकृष्णा प्लाजा धुआं-धुआं हो गया। फ्लैट्स के अंदर रहने वाले परिवारों ने पहले सोचा की आग बुझ जाएगी। इस कारण लोग फ्लैट्स के अंदर से बाहर नहीं निकले। आग को बुझाने के लिए बिजली काट दी गई। इस कारण लिफ्ट भी बंद हो गया। धीरे-धीरे फ्लैट्स के अंदर जहरीला धुआं भरने लगा। इसके बाद लोग बचाने के लिए चिल्लाने लगे। महिलाएं और बच्चे अंदर फंस गए।
शहर का व्यवसायिक केंद्र
बैंक मोड़ मटकुरिया रोड धनबाद का व्यवसायिक सेंटर है। श्री कृष्णा प्लाजा अपार्टमेंट के निचले हिस्से में मार्केट है। ऊपर आवासीय फ्लैट्स हैं। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग लगने की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना की पुलिस पहुंची। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। पहले आग बुझाने के लिए तीन दमकल आया। इसके बाद और दमकल बुलाया गया।

