धनबाद: चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित उरवां पंचायत के कोटवारडीह स्थित जवाहर घाट डैम से पुलिस ने रविवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया। शव की पहचान गोविंदपुर (धनबाद) के दिनेश कुमार गुप्ता (23) के रूप में की गई है। मृतक के पैकेट से डायरी व पर्स बरामद किया गया, जिसमें घर का मोबाइल नंबर लिखा था। मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर युवक की शिनाख्त हुई। युवक 12 नवंबर से लापता था।
जानकारी अनुसार रविवार सुबह डैम की तरफ घूमने गए स्थानीय ग्रामीणों ने डैम में शव देखा। इसकी सूचना चंदवारा थाना को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। युवक के परिजनों ने बताया कि युवक अपने घर से 12 नवंबर को शाम से लापता था। इसे लेकर गोविंदपुर थाना में सनहा दर्ज कराया गया था।
युवक गोविंदपुर में सब्जी बेचता था। उनके परिजनों ने बताया कि पारिवारिक विवाद होने के बाद अपने घर से निकल गया था। संभावना जताई जा रही है कि युवक ने डैम में कूदकर आत्महत्या की है। वहीं, थाना प्रभारी शाहिद रजा ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।

