धनबाद: कोयलांचल में पुलिस के लिये चुनौती बने शूटर अमन सिंह गिरोह के तीन गुर्गे पुलिस के हत्थे चढ़ गये. बताया जाता है कि हाल के दिनों में धनबाद जिले के कोयला व्यवसायी और जमीन करोबारी से शूटर अमन सिंह ने रंगदारी मांगी थी. इसी तरह कतरास थाना के भगत मुहल्ला निवासी संजय लोयलका के घर बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की थी. साथ ही रंगदारी को लेकर पर्चा भी छोड़ा था.
पुलिस इन सारे मामले को लेकर छापेमारी अभियान चला रही थी. इस घटना के कुछ दिन बाद ही बोकारो जिले के बीसीसीएल एरिया वन अंतर्गत दामोदा कोलियरी में बाइक सवार अपराधियों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. साथ ही कोलियरी में रंगदारी का पर्चा छोड़ा गया था. व्यवसायी रंगदारी से परेशान थे. व्यवसायी पुलिस से अमन सिंह गिरोह द्वारा रंगदारी मांगे जाने की शिकायत कर रहे थे साथ ही अपनी सुरक्षा की गुहार भी लगा रहे थे.
बाइक और पर्चा बरामद
धनबाद एसएसपी द्वारा रविवार को दोनों ही मामलों का खुलासा किया गया. इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं घटना में शामिल बाइक और पर्चा भी बरामद किया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद और पुलिस अधीक्षक बोकारो के आदेशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाघमारा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो तेनुघाट बोकारो के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी द्वारा लगातार छापेमारी कर कांड में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.

