कतरास: अवैध कोयले के कारोबार को छाताबाद चार नंबर में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले। रॉड से भी एक-दूसरे पर हमला किया गया।
घटना में छह लोग जख्मी:
इस घटना में करीब आधे दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक पक्ष के मुकेश यादव और सुशील यादव को गोली लगने की बात सामने आई है। गंभीर स्थिति में उन्हें शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) धनबाद भेजा गया। सुशील के कमर में और मुकेश के पैर में गंभीर रूप से चोट आई है। इससे काफी रक्तस्राव भी हो रहा था। वहीं एक महिला मुनिया देवी के सिर में चोट लगी है। उसे भी धनबाद भेजा गया है।
बीच-बचाव करने आईं महिलाएं भी हुईं जख्मी:
घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे की बताई जाती है। कोयले के अवैध कारोबार को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से अदावत चली आ रही थी। बुधवार की शाम दोनों पक्ष के बीच हल्की नोक-झोंक भी हुई थी। बताया जाता है कि उसी को लेकर दोनों पक्ष उलझ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। शोर-गुल सुनकर घर की महिलाएं बीच-बचाव करने पहुंचीं। घटना में महिलाओं को भी चोट आई है।
सड़क जाम करने की कोशिश, पुलिस ने दोनों पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लिया:
इधर, मारपीट के बाद एक पक्ष के लोग कतरास थाना पहुंचे। वहां से पुलिस ने उन्हें निचितपुर अस्पताल भेजा। वहीं दूसरे पक्ष के लोग गंभीर अवस्था में सीधे निचितपुर अस्पताल गए, जहां से उन्हें धनबाद भेज दिया गया। इधर, घटना के विरोध में लोगों ने कतरास थाना के सामने रोड जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की कड़ाई के चलते सभी हट गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।

