धनबाद: निरसा क्षेत्र में रविवार की सुबह इसीएल की राजा कोलियरी आउटसोर्सिंग में अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं तीन अन्य मलबे में दबने से घायल हो गये. करीब 40 वर्षीय मृतक सांगामहल गांव का रहने वाला था. वहीं तीनों घायल डांगापाड़ा क्षेत्र के रहने वाले बताये जाते हैं. घायलों का गुप्त रूप से बंगाल के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज कराया जा रहा है.
राजा कोलियरी आउटसोर्सिंग में रविवार तड़के चार बजे 300-400 लोग अवैध खनन कर रहे थे. इसी दौरान ऊपर से मलबा ढहने से चार लोग दब गये. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि तीन घायल हो गये. घटना के बाद कोयला तस्करों ने शव को ले जाकर सांगामहल क्षेत्र के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया.
