धनबाद: दामोदरपुर इलाके में डकैती की वारदात हुई है। रविवार की रात लॉ कॉलेज के पीछे घटना को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने पहले हथियार के दम पर पूरे परिवार को बंधक बनाया। इसके बाद गहने और पैसे लूट लिए। घटना का विरोध करने पर परिवार के एक युवक को चाकू मार दिया। सोमवार को मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।
घटना के संबंध में बताया गया कि सदर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर लॉ कॉलेज के पीछे स्थित कामता प्रसाद के घर में रविवार की रात 5 डकैत गिरोह बनाकर घुस गए। अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को हथियार के दम पर कब्जे में ले लिया। घटना का विरोध करने पर अपराधियों ने कामता प्रसाद के बेटे को चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुछ सदस्यों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान अपराधियों ने घर की महिलाओं के आभूषण व पैसे लूट लिए। परिवार के लोगों की ओर से शोर मचाने पर अपराधी मौके से फरार हो गए। अपराधी लोहे के हथियार घटनास्थल पर छोड़ गए हैं।

