धनबाद: झारखंड के धनबाद में लोगों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए व्यापक कार्य योजना तैयार की गई है। इसके तहत गया पुल के चौड़ीकरण के साथ अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव है। सोमवार को जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग, रेलवे के अधिकारियों ने पुल के पास मौजूद जमीन का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान शहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए योजना बनाने वाली कंपनी राइटस के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
पुल के रास्ते आवागमन में लोगों को हो रही परेशानी
धनबाद में गया पुल के रास्ते आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।विगत कई वर्षों से गया पुल जाम की समस्या से जूझ रहा है। इससे निजात दिलाने के लिए चौड़ीकरण की मांग हो रही है। नगर निगम, जिला प्रशासन, रेलवे की ओर से लंबे समय से इसके लिए मंथन चल रहा है। राइटस कंपनी स्थिति का अध्ययन करने के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट और भावी कार्य योजना का ब्यौरा पेश किया है।अब अधिकारी इसका जमीनी स्तर पर मूल्यांकन कर रहे हैं।
मौके पर मौजूद पथ निर्माण विभाग के दिनेश प्रसाद ने बताया कि सभी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विजिबिलिटी स्टडी रिपोर्ट का अध्ययन किया। इसमें कुछ सुझाव के साथ सर्वे करने वाली कंपनी दोबारा इसे संशोधित करने के लिए कहा गया है। इसके बाद इसे रेलवे को भेजा जाएगा। साथ ही जिला प्रशासन रेलवे से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने का कार्य करेगी।
लोगों ने कहा, प्रक्रिया में नहीं फंसे योजना
योजना को लेकर अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से समस्या के समाधान की कवायद चल रही है। इसमें आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करते हुए जल्द कार्य प्रारंभ कराया जाना चाहिए।

