धनबाद। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में धनबाद जिला प्रशासन ने बदलाव किया है। अब बसें पहले की तरह रात में स्टेशन रोड और बैंक मोड़ होकर गुजरेंगी। इसके लिए प्रशासन ने 2 सिंतबर, 2021 के आदेश में संशोधन किया है। सड़क जाम को नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं में कमी के लिए प्रशासन ने निर्णय लिया है। स्टेशन रोड होकर बसों का परिचालन रोके जान के बाद फिर से बहाल करने की मांग हो रही थी। बस एसोसिएशन ने उपायुक्त संदीप सिंह से मिलकर स्टेशन रोड होकर बसों का परिचालन करने की मांग की थी। उपायुक्त ने पूर्व के आदेश को संशोधित करते हुए नया रूट जारी किया है।
फिर से स्टेशन और बैंक मोड़ होकर चलेंगी बसें
धनबाद जिला प्रशासन ने बसों के रूट में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया है। धनबाद से बोकारो और पुरुलिया जाने वाली बसें पहले की तरह स्टेशन रोड और बैंक मोड होकर चलेंगी। हालांकि इसकी अनुमति अभी सिर्फ रात नौ से सुबह आठ बजे तक मिलेगी। शहरी इलाके में भारी वाहनों को प्रवेश की अनुमति भी दे दी गई है। रात 11 से सुबह आठ बजे तक इसकी अनुमति मिलेगी। शहर के कारोबारियों की मांग पर इसकी अनुमति दी गई है।

