धनबाद: धनबाद के भूदा महावीर नगर में रहने वाले युवक वीरू भारती को वाहनों में आग लगाने की सनक है। वह रात में निकलता था। सड़क के किनारे या मोहल्लों में खड़े वाहनों में आग लगाकर उसे जलता हुआ देख खुश होता। पिछले पांच दिनों में वह 9 वाहनों को आग के हवाले कर चुका है। रविवार की रात भी उसने 7 गाड़ियों में आग लगा दी। जिनमें 4 कार, 2 ऑटो व एक बाइक शामिल हैं। उसके बाद कोर्ट रोड हेड पोस्ट ऑफिस के पास स्थित एक होटल के सामने खड़ी SUV में देर रात आग लगाते पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसने वाहनों में आग लगाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस से कहा कि वाहनों को जलता देख उसे अच्छा लगता था। उसे यह काम करने में मजा आता है।
आरोपी की स्कूटी को पुलिस ने रेलवे कॉलोनी से बरामद किया है। रांगाटांड़ में रहने वाले ऑटो चालक अभिषेक दास की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीरू भारती को सोमवार को जेल भेज दिया गया। इसके पूर्व भी वह दो गाड़ियां फूंक चुका है।
वैसे ही वाहन टारगेट,जो मोहल्लों में खड़े थे
वीरू का टारगेट सड़क के किनारे और मोहल्लों में खड़ी गाड़ियां होती थीं। उसका प्रयास होता था कि आग लगाने के बाद गाड़ी पूरी तरह जल जाए। एक घटना को उसने धनसार व बाकी सभी घटनाओं को सदर थाना क्षेत्र में अंजाम दिया था।
लाइटर से कार में आग लगाते वक्त पुलिस ने दबोचा
सदर पुलिस की गश्ती टीम लिंड्से क्लब के पास पहुंची। पुलिस ने होटल के पास खड़ी कार के पीछे एक युवक को बैठा हुआ देखा। उसके हाथ में लाइटर था। वह SUV के फाइबर बॉडी में आग लगाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वीरू ने गश्ती वाहन से भागने का प्रयास किया लेकिन असफल रहा।

