धनबाद: राजगंज थाना क्षेत्र में सवारियों से भरी बस बुधवार को अहले सुबह 3 बजे के करीब NH-2 पर डोमनपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस ड्राइवर समेत 24 लोग जख्मी हो गए। इनमें से चार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे की वजह बस के ड्राइवर को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। इससे तेज रफ्तार बस ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगाें व पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
रौशन नामक बस छपरा (बिहार) से कोलकाता जा रही थी और इसी बीच यह हादसा हुआ। इधर, हादसे के बाद ट्रक को लेकर ड्राइवर घटनास्थल से भाग निकला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मेन गेट लॉक हो गया।
टक्कर की आवाज सुन मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने फाैरन पुलिस को इसकी सूचना दी और राहत कार्य में जुट गए। घायल यात्रियों को बस के इमरजेंसी गेट से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
घटना के बाद केवल चींखें सुनाई दे रही थी
जख्मी लोग दर्द से कराह रहे थे। कोई सड़क किनारे लेट गया तो कोई खेत में। सभी तेज दर्द से चीख रहे थे। इसके बाद एंबुलेंस के पहुंचते ही सभी को इलाज के लिए धनबाद भेजा गया।

