नववर्ष के मौके पर बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को अपने साथ दोनों डोज टीका लेने का प्रमाण पत्र दिखाने की बाध्यता होगी। प्रमाण पत्र दिखाये जाने के बाद ही श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की इजाजत दी जाएगी। इसे लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर बासुकीनाथ मंदिर प्रबंधन ने सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार को बासुकीनाथ धाम मंदिर प्रभारी सह नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा ने बासुकीनाथ धाम मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिवगंगा तट, संस्कार मंडप, बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर कई निर्देश दिए। खासकर नववर्ष में श्रद्धालुओं को सुगमता से जलार्पण कराने को लेकर तैयारियों की जानकारी ली।
जरमुंडी के एसडीपीओ उमेश सिंह ने कहा कि नववर्ष को लेकर बासुकीनाथ में उमडऩे वाली भीड़ को संयमित रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जरमुंडी थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक दयानंद साह ने कहा कि यहां उमडऩे वाली भीड़ को लेकर श्रद्धालुओं को शिवगंगा तट के रास्ते कांवरिया पथ से संस्कार मंडप होते हुए मंदिर के पूर्वी द्वार से मंदिर परिसर में प्रवेश कराया जाएगा। मंदिर के पश्चिम द्वार से श्रद्धालुओं के निकास की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश करने के पूर्व मास्क लगाना व वैश्विक महामारी कोविड-19 संक्रमण से बचाव को लेकर डबल डोज टीकाकरण का प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। मौके पर कई अन्य मौजूद थे।

