जमशेदपुर: टेल्को थाना अंतर्गत जेम्को महानंद बस्ती निवासी रानी मुखर्जी ने शनिवार की दोपहर पति अमित मुखर्जी से विवाद होने पर ब्लेड से अपना गला काट लिया। जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। मामले में पत्नी रानी मुखर्जी ने कहा कि उसने अमित से 21 अक्टूबर 2018 को गोपालगंज जिले के धाबे मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शुरू से ही उसे डांस का शौक है। मगर पति के मना करने पर उसने डांस छोड़ दिया था। बीते दो माह से पति भी काम नहीं कर रहा है। जिसके कारण मुझे फिर से ग्रुप के साथ आर्केस्ट्रा में डांस करना पड़ रहा है। ताकि किसी तरह घर को चलाया जा सके। शुक्रवार को वह ग्रुप के साथ पोटका बाघमारा नरवा स्थित मेला में ग्रुप के साथ डांस करने गई थी। एक शो करने का उसे 1500 रुपया मिलता है। इन पैसों से घर चलाने में ठीक-ठाक मदद हो जाती है। वहां से शनिवार की सुबह 10 बजे वह घर पहुंची तो पति ने उसके साथ मारपीट की। जिससे गुस्से में आकर उसने ब्लेड से अपना गला काट लिया। उसका एक तीन साल का बेटा आरब मुखर्जी भी है। जबकि मामले में पति अमित मुखर्जी का कहना है कि वह साकची के फैशन वर्ल्ड में दो माह पहले तक काम करता था। मगर दो माह से वह घर पर ही बैठा हुआ है। पत्नी शुक्रवार को अपने ग्रुप के साथ डांस करने के लिए मेला में गई। इसी बीच लगभग रात 12 बजे बच्चे की तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसने पत्नी को फोन किया तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। बच्चा बार बार अपनी मां को याद कर रहा था। मगर पत्नी रात भर वहां से नहीं लौटी। जबकि उसका शो 1 बजे रात्रि खत्म हो चुका था। वहीं शनिवार की सुबह उसने बच्चे को डॉक्टर को दिखाया। जिसके बाद पत्नी घर पहुंची तो उसने फोन नहीं उठाने का कारण पूछा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद उसने पत्नी को एक थप्पड़ मारा। जिससे गुस्से में आकर पत्नी ने गला काट लिया। काम छुटने के बावजूद वह घर चलाने में मदद करता है। फिलहाल इलाज के बाद पत्नी पति और ससुराल वालों के साथ वापस लौट गई।

