सरायकेला थाना अंतर्गत टेंटोपोसी पंचायत के गोहिरा गांव में एक सनकी पति ने बीते शाम अपनी पत्नी की बेरहमी से पत्थर से मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पैसे नहीं देने पर पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या
दरअसल, शराब का आदि हो चुके पति ने शराब पीने के लिए अपनी पत्नी से पैसे मांगे। लेकिन जब पत्नी ने पैसे नहीं दिए, तो पति ने पत्थर से मारकर अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि बुधवार को मृतका नदी किनारे कपड़े धोने के लिए गई थी। पति वहां पहुंचा और पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। लेकिन जब पत्नी ने पैसे देने से इनकार किया, तब गुस्साए पति ने इस घटना को अंजाम दिया।
मृतका का नाम पुष्पा महतो है
जानकारी के मुताबिक मृतक महिला का नाम पुष्पा महतो है, जबकि आरोपी पति का नाम सुधीर महतो है। वहीं घटना की खबर मिलते ही गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
सुधीर महतो ने पहले भी पत्नी के साथ मारपीट की थी
मृतका के भाई प्रकाश महतो ने बताया कि आए दिन सुधीर महतो पैसों के लिए पुष्पा के साथ हमेशा मारपीट किया करता था। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर अक्सर घर में विवाद करता था। भाई ने बताया कि मकर संक्रांति से एक सप्ताह पहले भी पैसे के लिए मारपीट कर घर से भगा दिया था। हमने पैसा देकर अपनी बहन को उसके ससुराल भेजा। दहेज के लिए प्रताड़ित करने की बात भी कही है।
पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
बताया जा रहा है कि आरोपित कोई काम धंधा नहीं करता था, और आए दिन शराब के लिए घर में मारपीट करता था। मृतका के दो बच्चे हैं। इसमें 13 साल की एक बेटी और 10 साल का बेटा है। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने बता कि मृतका के भाई प्रकाश महतो के लिखित बयान पर आरोपीत पति सुधीर महतो पर हत्या का मामला दर्ज हुआ है। सुधीर महतो को जेल भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के मामले की जांच कर रही है।

