पलामू: झारखंड के पलामू में आज अमन साहू गिरोह के दो अपराधी पकड़े गए हैं। पलामू पुलिस ने अमन साहू गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार भी जब्त किया गया है। जिले के मोहम्मदगंज में रेलवे की थर्ड लाइन बना रही कंपनी पर हुए हमले में ये गुर्गे शामिल थे।
पलामू पुलिस की एक विशेष टीम ने रांची के कुख्यात अपराधी अमन साहू गैंग के दो गुर्गों को जिले के हैदरनगर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार रोहित तिवारी उर्फ पिंकू व रुपेश कुमार सिंह उर्फ राजा के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने सोमवार को दी है। बताया कि अमन साहू के कहने पर अशोका बिल्डकॉन लि. लटपौरी, मोहम्मदगंज कैंप में रंगदारी लेने के लिए हरि तिवारी ने षड्यंत्र रचा था।
इसके लिए हरि तिवारी द्वारा स्थानीय स्तर पर पैसे के लालच में कुछ युवकों को घटना को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया। योजना के तहत उक्त युवकों द्वारा पिछले 8 जुलाई की सुबह करीब 10:30 बजे लटपौरी स्थित अशोका बिल्डकॉन लि. के कैंप में घुसकर रंगदारी के लिए दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। साथ ही अमन साहू गैंग का पर्चा फेंका था। फायरिंग में कंपनी का एक कर्मी गंभीर रूप घायल हो गया था। पुलिस ने मयंक सिंह एवं अन्य अज्ञात के विरुद्ध व अमन साहू व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
एसपी ने बताया कि रांची से अमन साहू ने इस अपराध को अंजाम देने के लिए अपने गैंग के एक सदस्य को दो बाइक के साथ पलामू भेजा था। इसको लाने के लिए हरि तिवारी गैंग के गुर्गे अभिनव तिवारी व रोहित तिवारी उर्फ पिंकू रांची गये थे। डालटनगंज पहुंचने पर हरि तिवारी गैंग के वर्तमान मुख्य कर्ताधर्ता दीपक पांडेय उर्फ दीपू के द्वारा अभिनव व रोहित तिवारी को हथियार एवं पैसा मुहैया कराया गया था। विशेष पुलिस टीम का नेतृत्व हुसैनाबाद एसडीपीओ पूज्य प्रकाश कर रहे थे। एसपी ने टीम में शामिल सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

