पलामू: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के मुस्लिम बाहुल्य इलाके पहाड़ी मोहल्ला के नूरी मस्जिद के पास मंगलवार की रात तीन घरों में चोरी की वारदात हुई. चोरों ने मोबाइल और नकद पर हाथ साफ किया. एक गृहणी के कान से सोने का आभूषण खोलने पर महिला ने विरोध किया. इस दौरान महिला और चोर के बीच छीना-झपटी हुई. चोर ने महिला पर चाकू से हमला किया, जिससे महिला का चेहरा लहुलुहान हो गया. महिला का इलाज एमएमसीएच में किया गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
पहाड़ी मुहल्ला के नूरी मस्जिद के पास एक ही रात तीन घरों में चोरी की वारदात हुई. रात 2.20 बजे सबसे पहले चोर नौशाद आलम के घर में छत के रास्ते पहुंचा. जब चोर घुसा तो उस वक्त नौशाद की मां की नींद खुल गयी. उन्होंने समझा कि छोटा बेटा पानी पीने उठा है, लेकिन जब चोर दूसरे कमरे में घुसने लगा तो आवाज लगाकर पूछी कौन है? तब चोर दो मोबाइल फोन लेकर भाग निकला.
इसके बाद चोर आफताब आलम के घर पीछे नदी के रास्ते घुसा. वहां एक कमरे में रखे अटैची को खोलकर उसमें से 25 हजार रुपये लेकर भागा. दो घरों में चोरी के बाद करीब 3.30 बजे चोर छुन्नू खान के घर में दाखिल हुआ. वहां छुन्नू की सो रही पत्नी गुलशन बीबी (35) के कान से सोने का आभूषण खोलने लगा. चोर की इस हरकत से महिला की नींद टूट गयी. जिसके बाद चोर ने चाकू से महिला के गर्दन, चेहरे पर वार कर दिया. चाकू छीना-झपटी में महिला के दोनों हाथ भी जख्मी हो गये. हड़बड़ी में चोर चाकू और नौशाद के घर से चुराया गया एक मोबाइल फोन छोड़कर भाग निकला. सुबह में पुलिस को मामले की जानकारी मिली.
टीओपी वन प्रभारी रेवा शंकर राणा ने घटनास्थल पर जाकर मामले की जांच की. चोर द्वारा छोड़े गए चाकू को जब्त कर लिया गया है. पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है. राणा का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना को अंजाम देने वाला चोर अकेला था.

