पलामू: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में शनिवार की रात झारखंड पुलिस के जवान मनोज यादव के घर में चोरी हो गयी. घटना के समय घर पर कोई नहीं था. सुने घर का फायदा उठाकर चोरों ने नगद रुपए के अलावा लाखों के गहने लेकर फरार हो गए. घटना के बाद चैनपुर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
जानकारी के अनुसार पुलिस जवान मनोज यादव के शाहपुर स्थित घर पर पिछले डेढ़ माह से कोई नहीं रह रहा था. पुलिस जवान की पत्नी को पेट दर्द की तकलीफ के बाद उन्हें इलाज के लिए टाटा ले जाया गया था. टाटा स्टील हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है. इस बीच बाहरी घर की देखभाल पुलिस जवान के साला लव कुमार किया करते थे. लव कुमार हर दिन घर की देखभाल करने के लिए सुबह शाम आया करते थे.
रविवार को जब लव कुमार पुलिस जवान के घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है. अंदर कमरे में देखने पर पता चला कि वहां के भी ताले टूटे हुए थे और तीन बक्से तोड़े गए हैं. उनमें रखा आभूषण और नगद रुपए गायब थे. पुलिस जवान मनोज यादव के घर के बगल में रह रहे उनके बहनोई संजय यादव भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे.
संजय यादव ने बताया कि तीन से चार बार कॉल करने के बाद चैनपुर थाना प्रभारी ने मोबाइल रिसीव किया. काफी देर बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा. उन्होंने कहा कि जब एक पुलिस वाले का घर ही सुरक्षित नहीं तो अन्य लोगों के घर के बारे क्या उम्मीद की जा सकती है.
लव कुमार ने बताया कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान मनोज कुमार यादव ने कहा कि उनके घर में 35000 नगर और करीब 500000 के गहने थे. चोरों ने वारदात के दौरान सारी कीमती संपत्ति गायब कर दी है.
पुलिस जवान के घर चोरी की घटना चिंताजनक: सांसद प्रतिनिधि
चैनपुर के सांसद प्रतिनिधि भोला पांडे ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के बड़े रिहायशी इलाके शाहपुर में चोरी की ऐसी घटना बेहद चिंताजनक है.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं मनोज
भुक्तभोगी मनोज कुमार यादव झारखंड के जमशेदपुर जिले के बिष्टुपुर थाना में बतौर मुंशी कार्यरत हैं. वह करीब 2 वर्ष से जमशेदपुर में कार्यरत हैं. इससे पहले झारखंड जगुआर में थे. शाहपुर स्थित घर पर 5 वर्ष से रह रहे थे. बीमार होने से पहले जवान की पत्नी अपने बच्चों के साथ उक्त घर में रह रही थी.

