झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ में सनसनीखेज मामला सामने आया है। धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन तथा कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के बीच चोयरा गांव के समीप रविवार सुबह धालभूमगढ़ पुलिस ने ट्रेन लाइन पर पड़ी युवक और युवती की लाश बरामद की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक का पहचान चारचक्का गांव निवासी लखन सोरेन(20) तथा युवती का पहचान उलदा गांव के सलमा कीस्कू( 17) के रूप में हुई है। सलमा कीस्कू प्लस टू उच्च विद्यालय नरसिंहगढ़ की कक्षा नौवीं की छात्रा थी। वह शुक्रवार सुबह छह बजे परीक्षा देने के लिए घर से स्कूल गई थी। इसके बाद से वापस घर नहीं लौटी।
सलमा कीस्कू के बड़े भाई हीकीम कीस्कू ने बताया कि सलमा कीस्कू तथा युवक लखन सोरेन के बीच भाई-बहन का रिश्ता है। मामा की बेटी और बुआ के बेटे के बीच कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर सामाजिक स्तर पर गांव में बैठक भी हुआ था। बैठक में दोनों मान गए। एक-दूसरे के साथ कोई संबंध नहीं रखने का वादा किया। इसके बाद कैसे क्या हुआ। कुछ पता नहीं चला।
सलमा कीस्कू के पिता मेघराय कीस्कू के अनुसार बेटी शुक्रवार सुबह बोर्ड परीक्षा देने के लिए गई थी। परीक्षा देकर धालभूमगढ़ चौक तक लौटी थी। इसके बाद कहां चली गई। कुछ पता नहीं था। रविवार सुबह पता चला की रेलवे पटरी पर शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा कि सलमा कीस्कू तथा लखन सोरेन की लाश पड़ी है।
घटनास्थल पर सलमा कीस्कू का स्कूल बैग, पहचान पत्र, प्रवेश पत्र सहित कुछ प्रमाण पत्र मिले हैं। युवक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड सहित कुछ और सामग्री मिली है। घटनास्थल का निरीक्षक करने के बाद पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि ऐसा लग रहा है कि घटना से पहले दोनों ने बैठकर नाश्ता किया है। इसके बाद दोनों ने एक साथ ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। रेलवे पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार भोर को करीब 4:00 बजे के आसपास होने की सूचना है। घटना का खबर सुनते ही आसपास क्षेत्र के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर बारीकी से स्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

