रांची: झारखंड में मांडर विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की बड़ी बेटी शिल्पी नेहा तिर्की 2 जून को कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करेंगी। इस आशय की जानकारी खुद प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने दी। हालांकि पार्टी की ओर से अब तक उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गयी है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व ने इस पर सहमति प्रदान कर दी है।
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने बेटी को उम्मीदवार बनाये जाने के आग्रह के साथ दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। इसके बाद से बंधु तिर्की लगातार अपनी बेटी के साथ चुनाव प्रचार अभियान और पार्टी कार्यकर्त्ताओं तथा समर्थकों को एकजुट करने के प्रयास में जुटे हैं।
गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने बंधु तिर्की को 3 साल की सजा सुनायी थी, जिसके कारण बंधु तिर्की की विधानसभा सदस्यता खत्म हो गयी और उपचुनाव कराया जा रहा है।

