रांची : जदयू ने झारखंड के लिए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पूर्व विधायक खीरू महतो को जिम्मेदारी सौंपी है. गुलाब महतो को प्रदेश उपाध्यक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण कुमार सिंह को झारखंड का प्रभारी बनाया है. जनता दल (यूनाईटेड) के कार्यालय सचिव मोहम्मद निसार ने इस संबंध में सूचना जारी की है. इसमें कहा है कि पार्टी संगठन का विस्तार और उसकी मजबूती के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में लगातार काम कर रही है.
विगत दिनों पार्टी के राष्ट्रीय परिषद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इस पर चर्चा भी हुई. इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की थी.देश के उत्तर पूर्वी राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूती मिले, इसके लिए नॉर्थ ईस्ट एक्सक्यूटिव काउंसिल का पुनर्गठन किया गया है. इसी क्रम में खीरू महतो को झारखंड की जवाबदेही दी गयी है.
यूपी में अकेले चुनाव लड़ने को तैयार
जदयू के मुताबिक आगामी समय में जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां पार्टी एनडीए के साथ मिल कर चुनाव लड़ेगी. अगर किसी कारण से ऐसा नहीं होता है तो यूपी, मणिपुर में वह अकेले ही चुनाव लड़ सकती है.

