रांची : जिले के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित अमरावती कॉलोनी में रहने वाले राघवेंद्र कुमार ने आज को फांसी के फंदे पर झूल कर खुदकुशी कर ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जानकारी के मुताबिक 15 दिन पहले पति पत्नी के बीच विवाद हुआ था. विवाद का कारण घर में आई आर्थिक तंगी थी. दरअसल लॉकडाउन में राघवेंद्र की नौकरी चली गई थी, और तब से वह घर में बेरोजगार बैठा हुआ था. राघवेंद्र पहले ड्राइवर का काम करता था. बेरोजगार होने के बाद घर में पैसा नहीं होने के कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था.
15 दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ तो पत्नी गुस्से में आकर अपने मायके, छत्तीसगढ़ चली गयी. इसी बीच राघवेंद्र ने रविवार को आत्महत्या कर लिया. हालांकि पुलिस को राघवेंद्र के घर से कोई सुराग या सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे सुसाइड के कारणों की पुष्टि हो. फिलहाल राघवेंद्र की मौत की खबर उसकी पत्नी को दे दी गई है. पत्नी के रांची आने के बाद पुलिस शव को उसके हवाले करेगी.

