रांची : राजधानी रांची में पॉल्यूशन का लेबल तेजी से बढ़ रहा है. हालांकि, पॉल्यूटेड शहरों की लिस्ट में रांची अभी थोड़ा पीछे जरूर है, लेकिन जिस रफ्तार से पॉल्यूशन बढ़ रहा है. वह दिन दूर नहीं जब स्थिति अलार्मिंग हो जाएगी. इससे निपटने के लिए ही रांची नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है. जिसके तहत मशीनें खरीदी जा रही है. वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स सुधारने को लेकर मेकेनाइज्ड स्वीपिंग और क्लीनिंग की जा रही है. अब नगर निगम हरियाली बढ़ाने पर काम कर रहा है. जिसके तहत नगर निगम एरिया में प्लांटेशन की योजना है. इसके लिए नगर निगम को 10.21 करोड़ रुपए खर्च करने के प्रस्ताव को नगर विकास विभाग ने मंजूर कर दिया है.
कम हरियाली वाली राजधानी
कुछ महीने पहले रांची को सबसे कम हरियाली वाली राजधानी बताया गया था. हरियाली की मैपिंग के लिए आए जाधवपुर यूनिवर्सिटी के एक्सपर्ट्स ने पेड़ों की कमी पर चिंता जाहिर की थी. इसके बाद से ही नगर निगम और वन विभाग हरियाली बढ़ाने को लेकर रेस हो गया था. अब नगर विकास ने भी इसके लिए राशि का आवंटन कर दिया है. जिससे कि हरियाली बढ़ाने में तेजी आएगी.
जारी है मुफ्त पौधे बांटने का काम
नगर निगम ने एक लाख पौधे बांटने को लेकर टेंडर निकाला था. इसके बाद से लगातार अभियान चलाकर लोगों को पौधे बांटने का काम किया जा रहा है. वहीं कार्यक्रम में भी पौधे का ही वितरण किया जा रहा है. साथ ही लोगों को भी इसके लिए जागरूक किया जा रहा है कि पौधे लगाकर उसकी देखभाल भी करें.

